सीएए को लागू होने से कोई नहीं रोक सकता : अमित शाह

2 Min Read

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पुरजोर शब्दों में कहा कि केंद्र सरकार संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) लागू करेगी और कोई इसे नहीं रोक सकता। शाह ने पार्टी के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए यहां एक बड़ी रैली को संबोधित किया।

इस मौके पर उन्होंने तुष्टीकरण, घुसपैठ, भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने राज्य को ‘बर्बाद’ कर दिया है। शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में राज्य में भाजपा का प्रदर्शन विधानसभा चुनावों में उसकी जीत की नींव तैयार करेगा।

विवादास्पद सीएए का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि ममता बनर्जी इसका विरोध कर रही हैं, लेकिन कोई भी इसे लागू होने से नहीं रोक सकता। यह कानून अभी अधर में है क्योंकि कानून के खिलाफ विपक्ष के कड़े रुख के बीच केंद्र सरकार ने अब तक इसके नियम नहीं बनाए हैं।

शाह ऐतिहासिक एस्प्लेनेड में पार्टी की एक रैली को संबोधित कर रहे थे। पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 42 सीटों में से 18 पर जीत हासिल की थी, जो अब तक का उच्चतम स्तर है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं