दंगाइयों को बचाने का काम कर रहे हैं नीतीश कुमार : गिरिराज सिंह

2 Min Read

पटना : बिहार में जारी इफ्तार की सियासत के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पीएम बनने के ’मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ देख रहें हैं और इसके लिए वे दावत-ए-इफ्तार और मौलाना टोपी पहनने में व्यस्त हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो गुलामी की सारी निशानदेही को बदल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कोई भी भारतवासी मुगल के वंशज नहीं है, मुसलमान भी हमारे ही वंशज हैं। अपने ससंदीय क्षेत्र बेगूसराय के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचे केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा कि नीतीश कुमार को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से कौन रोक सकता है। नीतीश कुमार इफ्तार पार्टी और टोपी पहनने में मस्त हैं। उन्हें लगता है मुसलमानों को खुश करके ही पीएम बन सकते हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री कमजोर हैं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2024 में बिहार के साथ देशभर के लोगों ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री मान लिया है। प्रधानमंत्री का पद ही खाली नहीं है। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिर्फ मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार जल रहा है और सरकार दंगाइयों को बचाने का काम कर रही है और निर्दोष हिन्दुओं को जेल भेजने का काम कर रहे हैं। रोम जल रहा था नीरो बंसी बजा रहा था।

वैसे ही बिहार के मुखिया की हालत है। नालंदा उनका गृह जिला है और सरकार तुष्टीकरण की राजनीति को लेकर वहां काम कर रही है। बिहार के मुख्यमंत्री कमजोर हैं और दंगाइयों को बचाने का काम कर रहे हैं और निर्दोष को फंसाने का काम कर रहे हैं सिर्फ वोट की राजनीति के लिए।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं