नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं नीतीश कुमार

IDTV Indradhanush
2 Min Read

पटना : नालंदा के जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार के मुख्यमंत्री के लिए नालंदा लोकसभा सीट छोड़ने के एलान के बाद कुमार  के वहां से लड़ने की चर्चा जोड़ पकड़ रही है। हालांकि जब मुख्यमंत्री से इस बारे में पूछा गया तो वह इस सवाल को सुनकर आगे बढ़ गये। फिर पीछे मुड़कर हंसते हुए कहा, इस पर काहे अभी चिंता करते हैं।

मुख्यमंत्री रविवार को कच्ची दरगाह में निर्माणाधीन गंगा पुल का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान वे मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अपने चुनाव लड़ने की बात से इंकार नहीं किया। ऐसे में समझा यही जा रहा है कि नीतीश कुमार अगला लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। अगर नीतीश कुमार लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे तो वे 20 साल बाद कोई प्रत्यक्ष चुनाव लड़ेंगे।

2004 में उन्होंने बाढ़ और नालंदा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वे बाढ़ से चुनाव हार गये थे लेकिन नालंदा से जीत कर सांसद बने थे। 2005 में बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बनने के बजाय विधान परिषद में जाने का फैसला लिया। तब से वे लगातार विधान परिषद के सदस्य ही बनते आये हैं।

उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मात देने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। उनकी पार्टी के नेता नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का दावेदार भी बताते रहे हैं। इसी बीच दो दिन पहले नालंदा से जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने घोषणा की थी कि वह नीतीश कुमार से नालंदा से चुनाव लड़ने का अनुरोध करेंगे। नालंदा नीतीश कुमार की पारंपरिक सीट है और मैं उनका प्रतिनिधि हूं। कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि हम चाहते हैं कि नीतीश कुमार नालंदा से सांसद बन कर देश के प्रधानमंत्री बनें।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं