ममता बनर्जी से मिले नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव

IDTV Indradhanush
2 Min Read

कोलकाता : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को यहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की और उन्होंने विपक्षी दलों का गठबंधन बनाने की वकालत की। दोनों नेताओं ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए मिलकर तैयारी करने की जरूरत पर जोर दिया। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

नीतीश कुमार ने कहा कि विपक्षी दलों को एक साथ बैठकर रणनीति बनाने की जरूरत है। सभी को सतर्क होना है। इसलिए हम सभी के साथ बातचीत कर रहे हैं। हमारे बीच बहुत अच्छी बात हुई है। जरूरत के अनुसार हम आगे भी अन्य पार्टियों को साथ में लाकर बातचीत करेंगे।

नीतीश ने कहा कि भारत के विकास के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। सत्ताधारी भाजपा की दिलचस्पी सिर्फ अपने विज्ञापन में है। विपक्षी नेता बढ़ती बेरोजगारी, रुपए की गिरती कीमत और बढ़ती महंगाई के साथ-साथ सरकारी विज्ञापनों पर खर्च की आलोचना करते रहे हैं।

वहीं, ममता ने कहा कि हम साथ-साथ आगे बढ़ेंगे। हमें यह संदेश देना है कि हम सब एक साथ हैं। हमारा कोई व्यक्तिगत ईगो नहीं है, हम सामूहिक रूप से मिलकर काम करना चाहते हैं। हमारे बीच विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने पर बात हुई है। मैंने नीतीश जी से यही अनुरोध किया है कि जयप्रकाश जी का आंदोलन बिहार से हुआ था तो हम भी बिहार में ऑल पार्टी मीटिंग करें। हमें एक संदेश देना है कि हम सभी एक साथ हैं। मैंने तो पहले ही कह दिया है कि मुझे इससे कोई एतराज नहीं है, मैं चाहती हूं कि भाजपा जीरो बन जाए।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं