Nigeria Islamist attack: नाइजीरिया में इस्लामिक उग्रवादियों का कहर, दो गांवों में 162 लोगों का नरसंहार

2 Min Read

Nigeria Islamist attack:

अबूजा, एजेंसियां। नाइजीरिया के पश्चिमी हिस्से में इस्लामिक उग्रवादियों ने भीषण नरसंहार को अंजाम देते हुए दो गांवों में 162 लोगों की हत्या कर दी। क्वारा राज्य के वोरो और नुकु गांवों पर मंगलवार शाम हुए इन हमलों को हाल के महीनों में सबसे घातक माना जा रहा है। स्थानीय सांसद मोहम्मद ओमार बियो के अनुसार, हमले इस्लामिक स्टेट से संबद्ध सशस्त्र समूह ‘लकुरावा’ ने किए। हमलावरों ने गांवों में घुसकर लोगों को बेरहमी से मार डाला और कई घरों को आग के हवाले कर दिया। घटनास्थल की फुटेज में खून से सनी लाशें और जले हुए मकान दिखाई दिए हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

रेड क्रॉस ने बताया

रेड क्रॉस ने बताया कि दूरदराज इलाका होने के कारण राहत टीमें अभी तक प्रभावित गांवों तक नहीं पहुंच सकी हैं। क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुलरहमान अब्दुलरजाक ने हमले को आतंकियों की हताशा का परिणाम बताया और कहा कि यह सुरक्षाबलों की कार्रवाई के जवाब में किया गया कायराना हमला है। नाइजीरिया पहले से ही गंभीर सुरक्षा संकट से जूझ रहा है, जहां बोको हरम और इस्लामिक स्टेट से जुड़े गुट लगातार हमले कर रहे हैं। हाल ही में बोको हरम ने भी अलग-अलग हमलों में 36 लोगों की हत्या की थी। बढ़ती हिंसा के बीच अमेरिका ने नाइजीरिया में हालात का जायजा लेने के लिए सैन्य अधिकारियों की एक छोटी टीम भेजी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इन हमलों पर गहरी चिंता जताई है।

Share This Article
Exit mobile version