नयी दिल्ली : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) छह राज्यों में ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ के खिलाफ छापेमारी कर रहा है, जिसे पिछले साल आतंकवाद रोधी कानून के तहत प्रतिबंधित कर दिया गया था। यह जानकारी एक अधिकारी ने बुधवार को दी। अधिकारी ने बताया कि छापेमारी महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में की गयी है।
राजस्थान के अलावा दिल्ली में थाना हौज काजी इलाके के बल्ली मारान, तमिलनाडु के मदुरै, यूपी के बाराबंकी, लखनऊ, बहराइच, सीतापुर व हरदोई में एजेंसी ने छापेमारी की है। वहीं, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई सहित कई जिलों में एनआईए ने छापेमारी की है। इस दौरान एनआईए ने पीएफआई के लिए संदिग्ध अभियान और धन उगाही गतिविधियों में शामिल होने के संदेह में अलग-अलग जगहों से करीब 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
दरअसल, पीएफआई को पिछले साल आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के चलते बैन कर दिया गया था। एनआईए ने बुधवार को केस नंबर 31/2022 के तहत देश के 6 राज्यों में छापेमारी की है। ये मामला पीएफआई, उसके नेताओं, कैडरों की हिंसक और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने से जुड़ा है। मामले से जुड़े सभी आरोपी पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में हिंसक व गैरकानूनी गतिविधियों के उद्देश्य से इकट्ठा हुए थे।







