NEET परीक्षा के पेपर हुए थे लीक, आरोपी ने कहा- हमें हू-ब-हू पेपर मिला था [NEET exam papers were leaked, accused said- We had got the exact paper]

3 Min Read

बिहार में 19 गिरफ्तार, केंद्र ने कहा- पेपर लीक के सबूत नहीं

पटना, एजेंसियां। NEET परीक्षा में किसी प्रकार की धांधली, भ्रष्टाचार या पेपर लीक का कोई भी पुख्ता सबूत अभी तक सामने नहीं आया है।

पेपर कहीं भी लीक नहीं हुआ है। NTA में भ्रष्टाचार का सवाल ही नहीं उठता। यह बहुत विश्वसनीय निकाय है।

यह बयान गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया था। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया X पर भी यही बात कही।

आरोपी ने क्या दिया है बयान

उधर नीट पेपर लीक में मामले में गिरफ्तार आरोपी ने अपना गुनाह कबूल लिया है। उसने बयान दिया है- पटना के लर्न हॉस्टल में मुझे 4 मई को ले जाया गया।

मुझे प्रश्न पत्र उत्तर सहित दिया गया और याद करने के लिए कहा गया था। परीक्षा में सभी प्रश्न शत-प्रतिशत मिले थे।

मेरे साथ वहां 20-25 परीक्षार्थी भी मौजूद थे। उनको भी प्रश्न पत्र उत्तर सहित दिया गया और रटाया गया।

ये बयान पेपर लीक मामले में पटना से सबसे पहले गिरफ्तार हुए आरोपी आयुष का है। पटना पुलिस ने ये बयान कोर्ट में भी पेश किया है।

पुलिस की एफआईआर में क्या हैः

पटना पुलिस की FIR के कुछ अंश इस प्रकार हैः दिनांक 5/5/2024 को अधिकारियों ने 2 बजे सूचना दी कि आज नेशनल टेस्टिंग एजेंसी एंट्रेंस टेस्ट ले रही है।

इसमें एक संगठित गिरोह ने कुछ विधार्थियों और परीक्षा संचालन करने वाले कर्मियों की मिलीभगत से प्रश्न पत्र की गोपनीयता को भंग किया है। प्रश्न पत्र को लीक किया गया है।

पता चला कि संगठित गिरोह परीक्षा केंद्र के बाहर गाड़ी नंबर JH01BW-0019 से घूम रहा है। जिसके बाद चेकिंग अभियान चलाया गया। पटेल भवन की ओर से आ रही इस नंबर की गाड़ी को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

ड्राइवर ने भागने की कोशिश भी की। इस गाड़ी में ड्राइवर समेत 3 लोग थे। इनके पास से नीट परीक्षा से संबंधित 4 लोगों के एडमिट कार्ड की फोटो कॉपी बरामद की गई।

सख्ती से पूछताछ के बाद इन लोगों ने बताया कि अलग-अलग सेंटर्स पर भी कुछ लोग परीक्षा दे रहे हैं।

हम लोगों ने सेंटर से रॉकी, नीतीश, अमित आनंद, संजीव सिंह के जरिए सेटिंग कराई थी।

ये FIR पटना के शास्त्री नगर थाने के थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने खुद दर्ज कराई थी। ये उन्होंने खुद लिखी थी।

मामले में बिहार पुलिस अब तक 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पटना पुलिस के मुताबिक यह पूरी डील करीब साढ़े 3 करोड़ रुपये की है। अभी मामले की जांच चल रही है और भी गिरफ्तारियां संभव हैं।

इसे भी पढ़ें

NEET 2024 : नीट परीक्षा को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा बयान

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं