भाजपा नेताओं ने बदला प्रोफाइल और बायो
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव के पहले एक बार फिर भाजपा को नया स्लोगन मिल गया है।
पिछले 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रचार के दौरान राहुल गांधी के एक बयान के बाद चौकीदार शब्द ऐसा प्रचलित हुआ कि उसने पूरे विपक्ष की लुटिया ही डूबो दी।
अब इस बार बारूद में पलीता लगाने का काम लालू यादव ने कर दिया है। बीते रविवार को पटना में आयोजित महागठबंधन की रैली में लालू यादव ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कह दिया कि उनका कोई परिवार ही नहीं है।
आज तेलंगाना में रैली करते हुए पीएम मोदी ने लालू को जवाब दिया। कहा कि पूरा देश ही उनका परिवार है और इसी परिवार के लिए वह जी रहे हैं।
बस फिर क्या था, थोड़ी ही देर में मोदी परिवार सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। और तो और लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा के नेताओं ने अपना सोशल मीडिया X का बायो बदल दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केन्द्रीय मंत्री पियूष गोयल समेत सभी भाजपा नेताओं ने अपने X का बायो बदल दिया है।
भाजपा नेताओं के बायो में अब ‘मोदी का परिवार’ लिखा नजर आ रहा है। बता दें कि पिछली बार लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा का टैग वर्ड ‘मैं भी चौकीदार’ सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था।
इसे भी पढ़ें
कांग्रेस की रणनीति को लेकर भाजपा सतर्क, झारखंड में शह और मात का खेल शुरू








