शिक्षा मंत्रालय ने युवा लेखकों के चयन के लिए पीएम-युवा 3.0 कार्यक्रम किया लॉन्च [Ministry of Education launches PM-YUVA 3.0 program for selection of young writers]

2 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने युवा और नवोदित लेखकों को प्रशिक्षित करने और भारतीय लेखन को वैश्विक स्तर पर पेश करने के लिए एक लेखक परामर्श कार्यक्रम प्रधानमंत्री योजना (पीएम-युवा 3.0) शुरू किया। इसमें 30 वर्ष से कम आयु के युवा हिस्सा ले सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि 22 विभिन्न भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में युवा एवं उभरते लेखकों की बड़े पैमाने पर भागीदारी के साथ पीएम-युवा योजना के पहले दो संस्करणों के महत्त्वपूर्ण प्रभाव को देखते हुए अब पीएम-युवा 3.0 लॉन्च किया गया है।

10 अप्रैल तक आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता से कुल 50 लेखकों का चयन किया जायेगा। इसमें राष्ट्र निर्माण में प्रवासी भारतीयों का योगदान – 10 लेखक, भारतीय ज्ञान प्रणाली – 20 लेखक, आधुनिक भारत के निर्माता (1950-2025) – 20 लेखक होंगे। प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन अप्रैल में किया जायेगा। चयनित लेखकों की सूची मई-जून में घोषित की जायेगी। युवा लेखकों को 30 जून से 30 दिसम्बर तक प्रतिष्ठित लेखकों और मार्गदर्शकों द्वारा प्रशिक्षित किया जायेगा। मार्गदर्शक के तहत एक राष्ट्रीय शिविर नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2026 के दौरान पीएम-युवा 3.0 लेखकों के लिए आयोजित किया जायेगा।

इसे भी पढ़ें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने BHU और शिक्षा मंत्रालय के साथ त्रिपक्षीय MoU साइन किए

Share This Article
Exit mobile version