लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर संदेह जाहिर करते हुए दावा किया कि अगर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हुए तो इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्र की सत्ता में आसानी से वापस नहीं आने वाली।
बसपा प्रमुख रविवार को अमरोहा में पार्टी उम्मीदवार मुजाहिद हुसैन के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
भाजपा पर कांग्रेस की राह पर चलने का आरोप लगाते हुए बसपा प्रमुख ने कहा, ‘‘ पिछले कई वर्षों से भाजपा और उनके सहयोगी दल केंद्र तथा राज्यों की सत्ता में काबिज हैं लेकिन इनकी जातिवादी, पूंजीवादी, संकीर्ण, सांप्रदायिक, द्वेषपूर्ण नीतियों, कार्यप्रणाली और इनकी कथनी तथा करनी में अंतर होने के कारण लगता है कि इस बार भाजपा केंद्र की सत्ता में आसानी से वापस नहीं आने वाली।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ बशर्ते अगर चुनाव इस बार स्वतंत्र और निष्पक्ष हुए और ईवीएम में गड़बड़ी नहीं की गई।’’
मायावती ने कहा, ‘‘ वैसे भी इस बार चुनाव में इनकी (भाजपा) पुरानी और नयी नाटकबाजी, जुमलेबाजी, गारंटी आदि काम नहीं आने वाले, क्योंकि अब देश की जनता इन्हें समझ चुकी है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ इनकी पार्टी ने देश के गरीब, कमजोर तबकों व अन्य मेहनतकश लोग जिनसे उन्होंने अच्छे दिन दिखाने के वादे किये, उसका एक चौथाई कार्य नहीं किया।’’
भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इनका ज्यादातर समय और ताकत बड़े पूंजीपतियों, धन्नासेठों को धनवान बनाने और उन्हें छूट देने तथा बचाने में लगा।’’
मायावती ने दावा किया कि अब ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी की तरह भाजपा ने केंद्र की अधिकांश जांच एजेंसियों का ‘‘राजनीतिकरण’’ कर दिया है।
इसे भी पढ़ें
कर्नाटक और केरल की सीमा के पास नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान शुरू
