नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि बंगाली हिंदुओं की रक्षा करने में ‘विफल’ रहने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
पार्टी ने यह भी कहा कि मुर्शिदाबाद में रामनवमी के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा में हुई हिंसा के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं।
भाजपा ने यह प्रतिक्रिया राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी द्वारा यह दावा किए जाने के बाद दी कि हिंसा ‘पूर्व नियोजित’ थी।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर लोकसभा चुनाव से पहले हिंसा करने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों में मतदान होगा।
पहले चरण का मतदान शुक्रवार होगा। इसके अलावा 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।
पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘बंगाल बिखर रहा है और इसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं।
उनके निंदनीय और सांप्रदायिक भाषणों के कारण पूरे बंगाल में राम भक्तों पर हमले हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि बंगाली हिंदुओं की रक्षा करने में ‘विफल’ रहने के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
पश्चिम बंगाल पुलिस के अनुसार मुर्शिदाबाद के शक्तिपुर इलाके में बुधवार को रामनवमी के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा में विस्फोट होने से एक महिला घायल हुई थी।
मालवीय ने दावा किया, ‘‘मुर्शिदाबाद में बड़े पैमाने पर दंगे के बाद अब मेदिनीपुर के एगरा में राम भक्तों को निशाना बनाया जा रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा पर हुए हमले के खिलाफ एगरा पुलिस थाने का घेराव करेंगे।’’
इससे पहले ममता बनर्जी ने रायगंज लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘सब कुछ पूर्व नियोजित था।
रामनवमी से एक दिन पहले मुर्शिदाबाद के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) को हटा दिया गया ताकि आप (भाजपा) हिंसा कर सकें।’’
इसे भी पढ़े
इलाज के लिए पीजीआई रोहतक ले जाई गई महिला कैदी से दो कैदियों ने किया दुष्कर्म, मामला दर्ज








