वैशाली में बड़ा हादसा, हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 9 कांवरियों की मौत [Major accident in Vaishali, 9 Kanwariyas died after coming in contact with high tension wire]

4 Min Read

हाजीपुर, एजेंसियां। बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया। पहलेजा स्थित गंगा नदी से जल लेकर आ रहे 9 कांवरियों की झुलसकर मौत हो गई।

कांवरियों का जत्था पहलेजा घाट से गंगाजल भरने और बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक करने के लिए निकला था।

इसी बीच औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में रात करीब 11.40 बजे हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आने से 9 कांवरियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृत कांवरिए जेठुई गांव के रहने वाले हैं।

11 हजार वोल्ट के तार से डीजे ट्रॉली के सटने से हुआ हादसा

हादसा तब हुआ जब कांवरियों का जुलूस गांव से करीब 500 मीटर दूर बढ़ा होगा। जुलूस के साथ एक ट्रॉली पर डीजे और साउंड सिस्टम सेट किया हुआ था, जो 11 हजार वोल्ट के तार से सट गया।

इससे पूरी ट्रॉली में 11 हजार वोल्ट का करंट फैल गया और इसकी चपेट में जो आये वो मारे गये। करंट लगने से 9 कांवरियों की मौके पर ही मौत हो गई।

छह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायलों की स्थिति गंभीर है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मरने वाले सभी लोग एक ही गांव के हैं।

मृतकों के नाम

1 . रवि कुमार, पिता धर्मेंद्र पासवान

2 . राजा कुमार, पिता स्व. लाला दास

3 . नवीन कुमार, पिता. फुदेना पासवान

4 . अमरेश कुमार, पिता सनोज भगत

5 . अशोक कुमार, पिता मंटू पासवान

6 . चंदन कुमार, पिता चंदेश्वर पासवान

7. कालू कुमार, पिता परमेश्वर पासवान

8. आशीष कुमार, पिता मिंटू पासवान

9. अमोद कुमार पिता देवलाल राम

बिजली विभाग ने नहीं उठाया फोन

इस मामले में हाजीपुर एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि झुलसे लोगों में दो ज्यादा गंभीर हैं। कांवरियों का जत्था हर साल पहलेजा घाट से जल भरकर बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक के लिए जाता है।

आक्रोशित लोगों का कहना था कि जैसे ही तार में डीजे सटा और करंट लगा, बिजली विभाग को फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया। यदि समय पर फोन उठ जाते तो करंट की चपेट में आने वाले युवकों को बचाया जा सकता था।

घंटों जाम रहा हाजीपुर-जंदाहा मार्ग

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग के अफसरों और कर्मियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया और हाजीपुर-जंदाहा मार्ग को जामकर कर दिया।

मौके पर पांच थानों की पुलिस और दमकल मौजूद थी। रात करीब पौने दो बजे समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण माने, फिर सभी आठ शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं। अहले सुबह तक मौके पर पांच थानों की पुलिस और दमकल मौजूद थी।

इसे भी पढ़ें

लातेहार में करंट से 5 कांवरियों की मौत, 5 घायल, 2 रिम्स रेफर

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं