प्रयागराज, एजेंसियां। माफिया अतीक अहमद से जुड़े गिरोह और करीबियों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार रात ‘ऑपरेशन हंटर’ के तहत बड़ा अभियान चलाया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 लग्जरी गाड़ियां सीज की हैं। इन गाड़ियों में से कई पर न तो नंबर प्लेट थे और ना ही वैध दस्तावेज, वहीं कुछ गाड़ियों पर हूटर और काली फिल्म लगी थी।
मरियाडीह से कसारी-मसारी तक चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने मरियाडीह, सिलना, नसीरपुर, भीटी, कसारी-मसारी, चकिया, झूंसी, करेली समेत कई इलाकों में हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई और नियम विरुद्ध पाए जाने पर उन्हें सीज कर कार्रवाई की गई।
अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों पर पुलिस का जवाब
पिछले कुछ दिनों से प्रयागराज में अतीक गैंग से जुड़े अपराधियों की गतिविधियों में तेजी आई थी। ये अपराधी लग्जरी गाड़ियों में घूमते हुए आम जनता को डराते और कानून-व्यवस्था को चुनौती देते देखे जा रहे थे। शिकायतों के आधार पर डीसीपी सिटी अभिषेक भारती के निर्देश पर ‘ऑपरेशन हंटर’ शुरू किया गया।
10 टीमों के जरिए चला ऑपरेशन, एसओजी और सर्विलांस यूनिट भी शामिल
ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जिनमें एसओजी, सर्विलांस और विभिन्न थानों के तेजतर्रार पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा गया है और उन्हें वांछित अपराधियों की धरपकड़, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और निरोधात्मक कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है।
इसे भी पढ़ें
अतीक अहमद के बेटे अली पर जेल से रंगदारी मांगने का आरोप, एफआइआर दर्ज









