देश में 2019 की अपेक्षा एक प्रतिशत कम मतदान
नई दिल्ली, एजेंसियां। लोकसभा चुनाव के पथम चरण में 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हुआ। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक हुई वोटिंग में 68.29 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। 2019 के मुकाबले यह आंकड़ा 1 प्रतिशत ही कम है। 2019 में फर्स्ट फेज में 91 सीटों पर 69.43% वोटिंग हुई थी।
शुक्रवार को जिन 102 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई है, इनमें 2019 में भाजपा ने 40, DMK ने 24, कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थीं। अन्य को 23 सीटें मिली थीं। फर्स्ट फेज में अधिकतर सीटों पर मुकाबला इन्हीं 3 दलों के बीच है।
लक्षद्वीप में सबसे ज्यादा 83.88% वोटिंग हुई है। सबसे कम बिहार में 48.88% वोटिंग हुई। फाइनल वोटिंग प्रतिशत अभी नहीं आया है। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा फेज है। दो राज्यों पश्चिम बंगाल और मणिपुर में वोटिंग के दौरान हिंसा भी हुई।
अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव के लिए भी वोट डाले गए। अरुणाचल प्रदेश में 76.44% और सिक्किम में 79.86% लोगों ने राज्य में सरकार बनाने के लिए वोट डाले।
इसे भी पढ़ें
जडेजा का अर्धशतक, सुपरकिंग्स ने सुपर जाइंट्स को 177 रन का लक्ष्य दिया








