Lawrence Gang Lawyer Attack:
नई दिल्ली, एजेंसियां। अंडरवर्ल्ड की दुनिया में एक नए गैंग के नाम से सनसनी फैल गई है। बीती रात कुख्यात गैंगस्टर लॉरेन्स बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़े वकील पर हुए जानलेवा हमले की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कुछ युवकों ने ली है। हालांकि पुलिस ने अभी तक दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सोशल मीडिया पोस्ट में ली हमले की जिम्मेदारी
हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें खुद को राहुल फतेहपुर, नवीन बॉक्सर गोरिपुर और सनी यामा बताने वाले लोगों ने वारदात की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दावा किया गया कि वकील दीपक खत्री कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी थे और उनके लिए “मुखबिरी” करते थे।
पोस्ट में धमकी भरे लहजे में लिखा गया कि अगर गतिविधियां बंद नहीं की गईं तो अंजाम और भी गंभीर हो सकता है। इसमें धार्मिक नारों का भी इस्तेमाल किया गया और खुलेआम चेतावनी दी गई।यह पोस्ट सामने आते ही अंडरवर्ल्ड से जुड़े हलकों और कानून-व्यवस्था एजेंसियों में हलचल मच गई।
दिल्ली में हुआ था जानलेवा हमला
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में बीती रात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े वकील पर गोली चलाई गई थी। हमले में वकील घायल हुए, लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस जांच में जुटी, दावे की सत्यता पर सवाल
दिल्ली पुलिस ने अभी तक सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल पोस्ट और हमले के बीच संबंध की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां पोस्ट से जुड़े अकाउंट्स और आईपी एड्रेस की तकनीकी पड़ताल कर रही हैं। साथ ही, हमले में इस्तेमाल हथियार, हमलावरों की पहचान और संभावित साजिश के एंगल से भी जांच जारी है।
पुलिस यह भी खंगाल रही है कि क्या यह वास्तव में किसी नए गैंग की एंट्री है या फिर किसी बड़े गिरोह के भीतर चल रही आपसी रंजिश का हिस्सा। फिलहाल मामले ने अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों और गैंगवार की आशंकाओं को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।







