महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त, भाजपा सरकार के तहत राज्य में ‘गुंडाराज’ फैल रहा : खरगे

IDTV Indradhanush
2 Min Read

नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाराष्ट्र में एक नेता की ‘फेसबुक लाइव’ के दौरान गोली मारकर हत्या और एक पत्रकार की कार पर हमले की घटनाओं का हवाला देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था ‘ध्वस्त’ हो गई है तथा एकनाथ शिंदे नीत सरकार के तहत ‘गुंडाराज’ फैल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, शिवसेना (यूबीटी) नेता विनोद घोसालकर के बेटे एवं पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर (40) की बृहस्पतिवार शाम स्थानीय कारोबारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौरिस नोरोन्हा ने ‘फेसबुक लाइव’ के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी।

बाद में, नोरोन्हा ने आत्महत्या कर ली। इससे पहले, भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने भूमि विवाद और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर दो फरवरी को मुंबई के पास उल्हासनगर के एक पुलिस थाने में एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के एक स्थानीय नेता को गोली मारकर घायल कर दिया था।

इसके अलावा, पुणे में पत्रकार निखिल वागले की कार पर शुक्रवार को उस वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर हमला किया गया, जब वह एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भाजपा की चोरी से बनाई हुई महाराष्ट्र सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। फेसबुक लाइव पर एक राजनीतिक नेता की निर्मम हत्या हो रही है।

एक मुखर पत्रकार पर भाजपा-आरएसएस के गुंडे हमला कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक भाजपा विधायक पुलिस थाने में खुलेआम दूसरे राजनीतिक नेता पर गोली चला रहा है।

कांग्रेस ने हमेशा महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था को कायम रखा, तभी महाराष्ट्र का आर्थिक विकास संभव हुआ।’’

खरगे ने कहा, ‘‘लेकिन ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के बल पर बनी भाजपा की सरकार गुंडा राज फैलाकर, महाराष्ट्र के लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है।’’

इसे भी पढ़ें

विवादित जमीन पर ले जाकर ईडी ने की भानु से पूछताछ

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं