पटना, एजेंसियां। बिहार की सारण लोकसभा सीट से रोहिणी आचार्य के खिलाफ लालू यादव ने नामांकन का पर्चा दाखिल कर दिया है।
यह खबर हैरान करने वाली है। वजह रोहिणी आचार्य के पिता खुद लालू यादव हैं। पर ये वाले लालू यादव राजद सुप्रीमो नहीं हैं, बल्कि उनके ही हम नाम हैं, जो आए दिन चुनाव लड़ते हैं और हार का सामना भी करते हैं।
लालू यादव का नाम होने के कारण इनको अच्छा खासा वोट भी मिल जाता है।
पिछले लोकसभा चुनाव में इन्होंने 14000 वोट हासिल कर लिया था। एक बार फिर लोकसभा चुनाव में यह लालू यादव चुनाव लड़ रहे हैं।
सारण से नामांकन दाखिल कराने आए लालू प्रसाद यादव राजपा से प्रत्याशी होंगे।
लालू प्रसाद यादव की कर्मस्थली सारण में लालू के हमनाम होने का ये खूब फायदा उठाते हैं। साल 2001 से लगातार हर स्तर के चुनाव में ये नामांकन करते हैं। चुनाव लड़ते हैं।
चुनाव चाहे पंचायत स्तर का हो या विधानसभा का, विधान परिषद का या लोकसभा यह सभी जगह अपनी किस्मत आजमाते रहते हैं।
हालांकि आज तक किसी भी चुनाव में इन्हें विजय का स्वाद तो नहीं मिला, लेकिन राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के हमनाम और उनके ही चुनाव क्षेत्र का होने के कारण मीडिया की सुर्खियां जरूर बटोर लेते हैं।
बताते चलें कि रोहिणी आचार्य राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पुत्री हैं और वह सारण से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। अपने पिता को किडनी देकर वह चर्चा में आई थीं।
इसे भी पढ़ें



















