महिला डॉक्टर की हत्या मामले में लॉकेट चटर्जी के बाद टीएमसी सांसद को कोलकाता पुलिस का समन [Kolkata Police summons TMC MP after Locket Chatterjee in female doctor’s murder case]

3 Min Read

कोलकाता, एजेंसियां। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की बलात्कार के बाद हत्या मामले में भाजपा की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी के बाद अब पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ सांसद को कोलकाता पुलिस ने नोटिस जारी किया है।

सुखेंदु शेखर रॉय को कोलकाता पुलिस ने भेजा नोटिस

कोलकाता पुलिस ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय को एक नोटिस जारी किया।

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1) के तहत ममता बनर्जी की पार्टी के वरिष्ठ सांसद को नोटिस भेजकर कहा गया है कि वह पूछताछ के लिए हाजिर हों।

आज ही शाम उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (1) मुरलीधर शर्मा ने यह जानकारी दी।

‘एक्स’ पर टीएमसी सांसद ने किया था ट्वीट

टीएमसी सांसद ने शनिवार को सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने लिखा था कि कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुई घटना के 3 दिन बाद खोजी कुत्ते को वहां ले जाया गया। इसके अलावा भी उन्होंने कई बातें कहीं।

पूर्व प्रिंसिपल और पुलिस कमिश्नर की हो गिरफ्तारी

सुखेंदु शेखर रॉय ने लिखा कि केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को निष्पक्ष होकर मामले की जांच करनी चाहिए।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल और पुलिस कमिश्नर की गिरफ्तारी जरूरी है। दोनों को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ होनी चाहिए।

सांसद ने लिखा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि आखिर किसने और क्यों आत्महत्या की कहानी गढ़ी।

खोजी कुत्ते को 3 दिन बाद मौका-ए-वारदात पर क्यों ले गए?

उन्होंने आगे लिखा कि हॉल की दीवार को क्यों गिराया गया, डॉ राय को किसने संरक्षण दिया कि वह इतने ताकतवर हो गए, क्यों खोजी कुत्ते का इस्तेमाल 3 दिन के बाद किया गया। ऐसे सैकड़ों सवाल हैं, जिनका जवाब सीबीआई को तलाशना होगा। उनसे उगलवाना होगा।

कोलकाता पुलिस ने कहा- शाम 5 बजे तक पक्ष रखें सुखेंदु शेखर रॉय

कोलकाता पुलिस ने सुखेंदु शेखर रॉय को नोटिस जारी करते हुए कहा है कि आपने 3 दिन बाद घटनास्थल पर खोजी कुत्ते को ले जाने की बात कही है, यह पूरी तरह से गलत है।

मौका-ए-वारदात पर 9 अगस्त और 12 अगस्त को दो-दो बार खोजी कुत्तों की मदद से जांच की गई।

इसके साथ ही उन्हें रविवार शाम 5 बजे तक अपना पक्ष रखने के लिए पुलिस मुख्यालय आने को कहा गया।

इसे भी पढ़ें

कोलकाता रेप-मर्डर केसः देशभर के डॉक्टर हड़ताल पर, इलाज ठप, मरीज परेशान

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं