नयी दिल्ली, एजेंसियां: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली से पार्टी के ‘घर-घर गारंटी’ अभियान की शुरुआत की और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘गारंटी’ तो लोगों को नहीं मिली, लेकिन उनकी पार्टी जो गारंटी दे रही है, उन पर वह अमल करेगी। पार्टी का यह चुनावी अभियान पांच ‘न्याय’ और 25 ‘गारंटी’ पर आधारित है।
इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता पांच ‘न्याय’ और 25 ‘गारंटी’ वाला कार्ड घर-घर जाकर वितरित करेंगे। पार्टी का लक्ष्य आठ करोड़ परिवारों तक पहुंचने का है।
खरगे ने उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में इस अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस के पांच ‘न्याय’ और 25 ‘गारंटी’ का उल्लेख किया।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज उत्तर पूर्वी दिल्ली में कांग्रेस अपना गारंटी कार्ड बांटने के लिए आई है।
हमारा संदेश साफ है कि कांग्रेस के पांच ‘न्याय’ के तहत हम 25 गारंटी पूरी करेंगे। कांग्रेस के कार्यकर्ता घर-घर जाकर गारंटी कार्ड बांटेंगे और लोगों से मिलकर उन्हें बताएंगे कि ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने पर हम जनता के लिए क्या-क्या करेंगे।’’
उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के समय की प्रमुख योजनाओं और कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों में देश की जनता को फायदा हुआ है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘मोदी जी अपनी गारंटी की बात करते हैं, लेकिन उनकी गारंटी कामयाब नहीं हुई।
उनकी गारंटी लोगों को नहीं मिली। उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियों की बात की, लेकिन लोगों को नौकरी नहीं मिली।
उन्होंने 15-15 लाख रुपये देने का वादा किया, लेकिन यह गारंटी भी पूरी नहीं।’’ खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने आय दोगुनी करने समेत कई वादे किसानों से किए थे, लेकिन वह वादे पूरे नहीं हुए।
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार राजनीतिक दलों को डरा रही है। कांग्रेस पार्टी के खाते से 135 करोड़ रुपये निकाल लिए गए।
क्या लोकतंत्र में इस तरह से चुनाव होता है? क्या लोकतंत्र में सबको समान स्तर पर चुनाव लड़ने का अधिकार नहीं है? ’’
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से घर-घर गारंटी अभियान की शुरुआत की।
कांग्रेस कार्यकर्ता अगले कुछ हफ़्तों में पूरे भारत में 8 करोड़ परिवारों को ये गारंटी कार्ड्स वितरित करेंगे, जो 14 अलग-अलग ओं में प्रिंट किए गए हैं।’’
इसे भी पढ़ें
अबू धाबी के पहले हिंदू मंदिर में एक महीने के अंदर 3.5 लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन किए









