नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि वह पंजाब के होशियारपुर जिले से अपना दस दिवसीय विपश्यना ध्यान सत्र पूरा करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आए हैं और फिर से लोगों की सेवा करना शुरू करेंगे। केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में तीन जनवरी को पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश होना है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘10 दिनों की विपश्यना साधना के बाद आज वापस लौटा। इस साधना से असीम शांति मिलती है। नयी ऊर्जा के साथ आज से फिर जनता की सेवा में लगेंगे। सबका मंगल हो।’’ ध्यान केंद्र से प्रस्थान करने से पहले केजरीवाल को डीडीवीसी के न्यासी गौतम लाल ने सम्मानित किया। यह पहली बार था जब केजरीवाल ने पंजाब में विपश्यना का अभ्यास किया।
इससे पहले उन्होंने जयपुर, नागपुर, धर्मकोट और बेंगलुरु में यह अभ्यास किया था। विपश्यना आत्म-अवलोकन के माध्यम से आत्म-परिवर्तन के लिए ध्यान की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है, जिसमें मन और शरीर के बीच गहन अंतर्संबंध पर ध्यान केंद्रित किया जाता है।
ध्यान के दौरान केजरीवाल को केंद्र के नियमों का पालन करना था, जिसमें मोबाइल फोन, इंटरनेट, टेलीविजन और समाचार पत्रों के उपयोग से परहेज करना शामिल था। डीडीवीसी के प्रवक्ता ने कहा कि उनकी दिनचर्या सुबह चार बजे शुरू होती थी और रात साढ़े नौ बजे समाप्त होती थी। इस दौरान वह साधारण भोजन करते थे और उन्हें दोपहर के बाद भोजन की अनुमति नहीं थी।
इसे भी पढ़ें– मोदी सरकार के 10 वर्षों में प्रत्यक्ष कर संग्रह तीन गुना होकर 19 लाख करोड़ से अधिक होने की संभावना
इसे भी पढ़ें– नीतीश कुमार फिर बने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष
इसे भी पढ़ें– ब्रिटिश सिख डॉ. अमृतपाल सिंह हंगिन ‘नाइटहुड’ की उपाधि से सम्मानित







