केजरीवाल का मुख्यमंत्री बने रहना जनता का अपमान, भ्रष्टाचारी जेल जाएंगे: भाजपा

2 Min Read

नयी दिल्ली, एजेंसियां : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को उस बयान के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की आलोचना की, जिसमें उसने कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे। पार्टी ने कहा कि यह जनता, कानून और लोकतंत्र का अपमान है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पूछा कि क्या केजरीवाल खुद को कानून से ऊपर मानते हैं जबकि भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आप नेताओं पर इस मुद्दे पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और जोर दिया कि भ्रष्टाचार में शामिल लोग जेल जाएंगे।

भाजपा ने मुख्यमंत्री केजरीवाल का समर्थन करने के लिए विपक्षी नेताओं का उपहास किया और उन्हें ‘चोर-चोर मौसेरे भाई’ करार दिया।

भाजपा के कई नेताओं ने केजरीवाल के ईमानदारी के दावे और सोनिया गांधी, राहुल गांधी, शरद पवार सहित अन्य नेताओं के खिलाफ पूर्व में उनके द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को याद किया जब उन्होंने इन नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की थी।

ठाकुर ने कहा कि उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नौ समन को नजरअंदाज किया और जांच में शामिल होने से इनकार कर दिया।

केंद्रीय मंत्री ने पूछा, ‘‘क्या उन्हें लगता है कि वह कानून से ऊपर हैं?’’

ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बने रहने का उनका निर्णय दिल्ली के लोगों, कानून और लोकतंत्र का अपमान है।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि गिरफ्तारी के बावजूद मुख्यमंत्री बने रहने का केजरीवाल का फैसला उन्हें ऐसा करने वाला पहला मुख्यमंत्री बनाता है।

त्रिवेदी ने कहा कि वह लालू प्रसाद यादव से भी आगे निकल चुके हैं।

इसे भी पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस पर राज्यवासियों को बधाई दी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं