केजरीवाल ने दो दिन बाद इस्तीफा देने का किया ऐलान [Kejriwal announced his resignation after two days]

2 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पार्टी ऑफिस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक चौंकाने वाली घोषणा की। उन्होंने दो दिन में सीएम पद से इस्तीफा देने की बात कही।

केजरीवाल ने कहा, “मैं दो दिन बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। जब तक जनता अपना फैसला नहीं दे देती, मैं सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। मैं हर घर और गली में जाऊंगा और जब तक जनता का फैसला नहीं मिल जाता, तब तक सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा।”

केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा, “हमने बड़े दुश्मनों से लड़ाई लड़ी है। हमारे नेता सत्येंद्र जैन और अमानतुल्ला खान अभी भी जेल में हैं, उम्मीद है कि वे जल्द ही बाहर आ जाएंगे।” उन्होंने कहा, “हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को उनके साथियों से मिलने की अनुमति दी जाती थी, लेकिन मेरे पार्टी सहयोगी संदीप पाठक को मुझसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई।”

उन्होंने भगत सिंह का जिक्र करते हुए कहा, “भगत सिंह को बटुकेश्वर नाथ के साथ अंग्रेजों ने रखा था क्योंकि दोनों एक ही अपराध में आरोपी थे। लेकिन यहां मुझे और मनीष सिसोदिया को अलग-अलग जेल में रखा गया। मुझसे मिलने के लिए संदीप पाठक आए तो हमने राजनीति चर्चा की, इस पर उन्हें बैन कर दिया गया।”

केजरीवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने इस्तीफा अब तक इसलिए नहीं दिया क्योंकि वह लोकतंत्र को बचाना चाहते थे।

उन्होंने कहा, “भाजपा आज पार्टियों को तोड़ रही है। चुनी हुई सरकार के नेताओं पर फर्जी केस लगाकर उन्हें जेल में डालती है, लेकिन इस्तीफा न देने से भाजपा का यह प्लान फेल हो गया।” उन्होंने सभी नेताओं से अपील की कि वे फर्जी केस लगाने पर इस्तीफा न दें।

इसे भी पढ़ें

केजरीवाल को शराब नीति से जुड़े CBI केस में सशर्त जमानत

Share This Article
Exit mobile version