Karnataka Assembly uproar:
बैंगलोर, एजेंसियां। कर्नाटक विधानसभा में एक्साइज विभाग में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल (सेक्युलर) के विधायकों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मंगलवार रात विधानसभा परिसर में धरना प्रदर्शन किया। विपक्ष ने राज्य के एक्साइज मंत्री आर.बी. तिम्मापुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। बीजेपी और जेडी(एस) का आरोप है कि एक्साइज विभाग में शराब लाइसेंस जारी करने के नाम पर बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
6000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप
विपक्ष के नेता आर. अशोक ने दावा किया कि एक्साइज विभाग में करीब 6000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित भ्रष्टाचार से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी अन्य राज्यों में चुनावी फंडिंग के लिए कर रही है। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब 16 जनवरी को बेंगलुरु शहरी जिले के एक्साइज डिप्टी कमिश्नर जगदीश नाइक और दो अन्य अधिकारियों को लोकायुक्त पुलिस ने 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। अधिकारियों पर होटल, बोर्डिंग हाउस और माइक्रो ब्रुअरी लाइसेंस जारी करने के लिए 80 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगा था।
मंत्री ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, एक्साइज मंत्री आर.बी. तिम्मापुर ने विपक्ष की मांग को खारिज करते हुए आरोपों को राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में भी किसी मंत्री ने इस तरह के आरोपों पर इस्तीफा नहीं दिया था। मंत्री ने दावा किया कि उन्होंने विभाग में भ्रष्टाचार कम करने के लिए कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं और मुख्यमंत्री सिद्धरामैया के साथ चर्चा के बाद लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बनाया गया है।
आज फिर हो सकता है विधानसभा में हंगामा
कर्नाटक विधानसभा के विशेष सत्र का आज आखिरी दिन है और इस मुद्दे को लेकर एक बार फिर हंगामे की संभावना जताई जा रही है। विपक्ष इस मामले पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है, जिससे राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ सकता है।
