प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में आये कपिल देव, कहा- क्या इन्हें कभी इंसाफ़ मिल पायेगा?

2 Min Read

नई दिल्ली : पूर्व क्रिकेटर और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे कपिल देव ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों का समर्थन किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट की स्टोरी में पहलवानों की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि क्या इन्हें कभी इंसाफ़ मिल पाएगा? यह तस्वीर शेयर करते हुए कपिल देव ने विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया को भी टैग किया है।

इससे पहले ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा भी पहलवानों का समर्थन कर चुके हैं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि ये देखकर मुझे बहुत दुख होता है कि हमारे एथलीट सड़कों पर न्याय मांग रहे हैं। उन्होंने हमारे महान देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए कड़ी मेहनत की और हमें गर्व का अनुभव कराया है।

उन्होंने लिखा, “एक देश के तौर पर हम हर व्यक्ति के सम्मान की रक्षा के लिए ज़िम्मेदार हैं, फिर चाहे वह एथलीट हो या कोई भी। चोपड़ा ने लिखा कि जो हो रहा है, वह नहीं होना चाहिए था. यह एक संवेदनशील मुद्दा है और इसे निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निपटाया जाना चाहिए।

न्याय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर पहलवान पिछले पांच दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं