JPSC Exam Date Changed: JPSC ने बदली परीक्षा की तिथि, अब 12 अप्रैल को होगी प्रारंभिक परीक्षा

2 Min Read

JPSC Exam Date Changed:

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की नई तिथि घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे पहले परीक्षा 8 मार्च और बाद में 15 मार्च को प्रस्तावित थी, लेकिन राज्य सरकार द्वारा आयु सीमा में बदलाव किए जाने के बाद आयोग को तिथि में संशोधन करना पड़ा। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि अधिकतम आयु की गणना अब 1 अगस्त 2022 के आधार पर की जाएगी, जबकि न्यूनतम आयु की गणना 1 अगस्त 2026 से होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आयु सीमा से जुड़ा यह विशेष प्रावधान केवल सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए लागू रहेगा। आगामी परीक्षाओं में सामान्य नियम प्रभावी रहेंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि 9 मार्च

जेपीएससी ने अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने का निर्देश दिया है। इच्छुक उम्मीदवार 9 मार्च 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले पात्रता शर्तों और अन्य नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

आयु सीमा में बदलाव से मिली राहत

आयु सीमा में संशोधन के बाद अभ्यर्थियों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई उम्मीदवारों का मानना है कि इस बदलाव से वे अभ्यर्थी लाभान्वित होंगे, जो पूर्व निर्धारित कट-ऑफ तिथि के कारण पात्रता से बाहर हो रहे थे। रितेश त्रिपाठी नामक अभ्यर्थी ने कहा कि आयु सीमा में संशोधन से बड़ी राहत मिली है और अब परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।

Share This Article