Jeep Wrangler price:
हैदराबाद, एजेंसियां। लग्जरी एसयूवी निर्माता Jeep India ने भारतीय बाजार में अपनी खास पेशकश Jeep Wrangler Willys 41 Special Edition को एक बार फिर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने MY2026 मॉडल के लिए इस स्पेशल एडिशन की नई खेप मंगाई है। खास बात यह है कि इस बार इसकी कीमत में कटौती की गई है। जहां पिछले साल इसे 73.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में उतारा गया था, वहीं इस बार इसकी कीमत 70.31 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यानी ग्राहकों को करीब 3 लाख रुपये का फायदा मिलेगा।
पिछले साल कंपनी ने इस एडिशन की 30 यूनिट्स आवंटित की थीं, जबकि इस बार 41 यूनिट्स का एलोकेशन किया गया है, जिससे इसकी एक्सक्लूसिव अपील बरकरार रहे।
क्या है खास इस स्पेशल एडिशन में?
यह स्पेशल एडिशन टॉप-ऑफ-द-लाइन Rubicon ट्रिम पर आधारित है और इसमें कई कॉस्मेटिक अपग्रेड्स व एक्सक्लूसिव एक्सेसरीज़ जोड़ी गई हैं। इसका सबसे बड़ा आकर्षण नया ‘41 Green’ एक्सटीरियर पेंट है, जो ऐतिहासिक Willys MB मिलिट्री जीप से प्रेरित मिलिट्री ग्रीन शेड है। इसके अलावा व्हाइट, रेड, ब्लैक और ब्लू जैसे अन्य कलर विकल्प भी उपलब्ध हैं।SUV के हुड पर ‘1941’ डेकल दिया गया है, जो उस वर्ष को दर्शाता है जब पहली मिलिट्री-स्पेक Willys MB का उत्पादन शुरू हुआ था। यह डिजाइन एलिमेंट इसे रेट्रो और हेरिटेज लुक देता है।
कंपनी इस एडिशन के साथ लगभग 2 लाख रुपये की एक्सेसरीज़ स्टैंडर्ड रूप से दे रही है। इनमें पावर्ड साइड स्टेप, नए इंटीरियर ग्रैब हैंडल, ऑल-वेदर फ्लोर मैट और फ्रंट-रियर डैशकैम शामिल हैं। इसके अलावा 3.6 लाख रुपये अतिरिक्त देकर रूफ कैरियर (इंटीग्रेटेड साइड लैडर के साथ) और सनराइडर रूफटॉप जैसी ऑप्शनल एक्सेसरीज़ भी ली जा सकती हैं। पिछले साल की तुलना में ये ऑप्शनल पैकेज करीब एक लाख रुपये सस्ता है।
इंजन और परफॉर्मेंस
इस SUV में 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 272hp की पावर और 400Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और स्टैंडर्ड 4×4 ड्राइव सिस्टम से जोड़ा गया है। ऑफ-रोडिंग क्षमता और प्रीमियम फीचर्स के साथ यह एडिशन एडवेंचर प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।








