‘आप’ को रोकने के लिए आबकारी नीति में आतिशी, सौरभ भारद्वाज के नाम उछाले गए: जैस्मीन शाह

2 Min Read

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता ने कहा है कि कथित आबकारी नीति घोटाले के संबंध में दिल्ली के मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज के नामों का हवाला दिया जा रहा है क्योंकि भाजपा को लगता है कि केवल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेजना ‘आप’ को रोकने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।

‘आप’ नेता जैस्मीन शाह ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल मुख्यमंत्री बने रहेंगे चाहे उन्हें कितने भी समय तक जेल में रखा जाए क्योंकि उन्होंने दिल्ली के लोगों की सेवा करने की संवैधानिक शपथ ली है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक सुनवाई नहीं हुई है, दोषसिद्धि की बात तो रहने दीजिए। मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक शपथ के तहत दिल्ली की जनता की सेवा करना उनका संवैधानिक अधिकार और कर्तव्य है।

केजरीवाल को चाहे जितने समय तक जेल में रखा जाए, वह दिल्ली के मुख्यमंत्री रहेंगे।’’

जैस्मीन शाह ने दावा किया, ‘‘हमारे दो वरिष्ठ नेता जो दिल्ली सरकार में मंत्री हैं – आतिशी और सौरभ भारद्वाज का नाम सामने आया है क्योंकि भाजपा को एहसास हो गया है कि अकेले केजरीवाल को जेल भेजने से ‘आप’ नहीं रुकेगी और अन्य नेताओं के लिए तैयारी करने की जरूरत है।’’

डेढ़ साल पहले जब विजय नायर को गिरफ्तार किया गया था, तब उन्होंने कहा था कि वह मुख्यमंत्री को रिपोर्ट नहीं करते थे और वह आतिशी और भारद्वाज को रिपोर्ट करते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘डेढ़ साल बाद ईडी यह बात क्यों उठा रही है जबकि उसके पास लिखित बयान है।’’

ईडी ने अदालत में अपने रिमांड आवेदन में कहा कि केजरीवाल से हिरासत में पूछताछ के दौरान उन्होंने टालमटोल वाले जवाब दिए और जानकारी छिपाई।

इसे भी पढ़ें

पूछताछ के दौरान केजरीवाल ने गोलमोल जवाब दिए : ईडी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं