Satish Kaushik death anniversary:
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और फिल्ममेकर सतीश कौशिक की डेथ एनिवर्सरी पर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें याद किया। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जैकी श्रॉफ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर सतीश कौशिक की कई पुरानी और नई तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि वह आज सतीश कौशिक को उनकी पुण्यतिथि पर याद कर रहे हैं। पोस्ट सामने आते ही फैंस और फिल्मी हस्तियों ने भी कमेंट कर दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
तस्वीरों के कोलाज में दिखीं खास यादें
जैकी श्रॉफ द्वारा शेयर किए गए कोलाज में सतीश कौशिक के जीवन के अलग-अलग दौर की तस्वीरें शामिल थीं। इनमें उनकी हाल के समय की एक मुस्कुराती हुई तस्वीर भी थी, जिसमें वह कैप और चश्मा पहने नजर आ रहे थे।इसके अलावा कोलाज में उनकी युवावस्था की दो ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी थीं, जिन्हें देखकर फैंस भावुक हो गए। सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और लोग सतीश कौशिक के साथ जुड़ी यादें साझा कर रहे हैं।
अनुपम खेर ने भी किया याद
इससे पहले अभिनेता अनुपम ने भी अपने करीबी दोस्त सतीश कौशिक को याद करते हुए एक भावुक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में वह सतीश कौशिक की बेटी वंशिका कौशिक के साथ नजर आए। अनुपम खेर ने बताया कि वंशिका के स्कूल कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए बेहद खास पल था। उन्होंने कहा कि कई साल पहले वह और सतीश कौशिक दिल्ली में साथ मिलकर नुक्कड़ नाटक किया करते थे।अनुपम ने वंशिका की तारीफ करते हुए कहा कि वह बहुत प्रतिभाशाली और मेहनती है और भविष्य में एक शानदार अभिनेत्री बन सकती है।
2023 में हुआ था सतीश कौशिक का निधन
बता दें कि सतीश कौशिक का निधन 9 मार्च 2023 को हुआ था। उस समय उनकी उम्र 66 साल थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके कारण उनका निधन हो गया।उनकी मौत की खबर से पूरे बॉलीवुड और उनके फैंस को गहरा झटका लगा था। सतीश कौशिक ने अपने लंबे करियर में अभिनेता, निर्देशक और लेखक के रूप में कई यादगार फिल्मों में काम किया और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।







