छत्तीसगढ़ : भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) की चालीसवीं वाहिनी ने देवरचा ग्राम पंचायत में आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। वाहिनी के बुढान भाट कैंप के सहायक सेनानी केशव चन्द्र महतो, पदाधिकारियों और जवानों ने स्थानीय निवासियों तथा समाजसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर कार्यक्रमों का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत कार्यालय देवरचा से गांव के गलियों में तिरंगा झंडा तथा कलश के साथ एक शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल जवानों के साथ साथ मदन केलकर (सरपंच), उत्तम यादव (पंचायत सचिव), बेरसिया धुर्वे (उप सरपंच), भुवन नेताम (पंच) , प्रेम, सिया, कुंवर, कौशल्या बाई, राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष भुवन, सुरेन्द्र कंवर, गणेश, मनीष राजपूत तथा अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। ” भारत माता की जय ” और ” वन्दे मातरम् ” के जयघोष करते हुए शोभा यात्रा ने देवरचा सरोवर तक प्रस्थान किया जहां पर सभी ने अपने करकमलों से वृक्षारोपण किया।
यहां से शोभायात्रा एक बार फिर वापस ग्राम पंचायत कार्यालय देवरचा पहुंची जहां सभी लोगों ने भारत माता की अमृत माटी को हाथ में लेकर पंच प्रण लिया और कलश में संजोकर रख दिया ताकि ग्राम देवरचा सरोवर की पावन माटी से अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा सके। कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक अजय प्रकाश शुक्ला ने बताया कि चालीस वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के सेनानी अनन्त नारायण दत्ता ने निर्देश दिया है कि हम सभी पदाधिकारी, जवान आस-पास के सभी गांवों में जाकर स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आजादी के अमृत महोत्सव को धूमधाम से मनायें।
जिससे हम सब एक भारत-श्रेष्ठ भारत के सपनों को साकार कर सके। इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन वाहिनी के द्वितीय कमान तरुण कुमार बंजारा तथा उप सेनानी ज्योति प्रकाश के कुशल मार्गदर्शन में अन्य जगहों पर भी संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए निरीक्षक गुरमेल सिंह, सहायक उप निरीक्षक संतोष बाखला, हवलदार पंकज राठौर अपने जवानों के साथ मुस्तैद रहे। सभा समापन से पूर्व सहायक सेनानी केशव चन्द्र महतो ने सभी गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि भविष्य में भी हम सब मिलकर भारत सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सुचारू ढंग से संचालित करते रहेंगे।








