छत्तीसगढ़ : भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) की चालीसवीं वाहिनी ने शनिवार को आजादी के अमृत महोत्सव, पंच प्रण, हर घर तिरंगा तथा मेरी माटी मेरा देश विषय पर जनजागरण अभियान चलाया। ”ब” समवाय सामरिक आधार मुख्यालय बुढान भाट की ओर से बीरु टोला के निवासियों तथा स्कूल बच्चों के बीच जनजागरण अभियान चलाया गया।
भारत सरकार के सांस्कृतिक मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे इस कार्यक्रम का मकसद देशवासियों को भारत की गौरवशाली परंपरा, आत्माभिमान, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के तहत (आइटीबीपी) की चालीसवीं वाहिनी के सहायक सेनानी केशव चन्द्र महतो ने अपने कनिष्ठ पदाधिकारियों तथा जवानों के साथ मिलकर वीरु टोला गांव के स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया।
इसमें स्कूली बच्चों ने छत्तीसगढ़ के लोक गीत तथा देशभक्ति के गीतों को गाते हुए गांव में तिरंगा यात्रा निकाली। केशव चन्द्र महतो ने कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम में वीरु टोला गांव निवासी प्रकाश, ज्ञानी, दिजराम, फेरहा जंघेल तथा मातृशक्तियों के साथ भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के निरीक्षक अजय गुरमेल, पदाधिकारियों तथा जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर श्री केशव चन्द्र महतो ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। अभियान भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के की चालीसवीं वाहिनी के सेनानी अनन्त नारायण दत्ता के निर्देशानुसार एवं वाहिनी द्वितीय कमान तरुण कुमार बंजारा के कुशल मार्गदर्शन में चलाया गया।








