धरती की हरियाली बढ़ाने में जुटे हैंआईटीबीपी के जवान, ग्रामीणों के साथ किया वृक्षारोपण

2 Min Read

छत्तीसगढ़ : देश की सीमाओं की सुरक्षा करने के साथ भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल यानि आईटीबीपी के जवान धरती की हरियाली बढ़ाने के काम में भी जुटे हुए हैं।

बुधवार को भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल की ओर से चलाये जा रहे वृक्षारोपण अभियान के क्रम में, 40वीं वाहिनी के सेनानी अनंत नारायण दत्ता के मार्गदर्शन तथा तरुण कुमार बंजारी, द्वितीय कमान और ज्योति प्रकाश, उप सेनानी के कुशल नेतृत्व में केशव चन्द  महतो, सहायक सेनानी की ओर से धुर नक्सल क्षेत्र बुढ़ानभट्ट कैम्प के  पास स्थित ग्राम पंचायत देवराचा के आश्रित गांव मंढुआभट्ट में पौधे लगाकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया।

वृक्षारोपण अभियान में आईटीबीपी के जवानों तथा ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में लोगों के बीच पौधे का वितरण भी किया गया।

वृक्षारोपण के दौरान आईटीबीपी के केशव चन्द महतो, सहायक सेनानी ने ग्रामवासियों को बताया कि पर्यावरण में बढ़ते प्रदूषण की वजह से वृक्षारोपण की जरूरत बढ़ती जा रही है। वृक्ष हवा को शुद्ध करते हैं तथा पानी को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अतः पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए सभी लोगों को वृक्षारोपण के लिए जागरूक करना चाहिए।

केशव ने कहा कि पेड़ लगाने के साथ पेड़ों को बचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस कर्यक्रम के दौरान भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल बुढ़ानभट्ट स्थित 40वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर जेएम गुरिया, इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, हैड कांस्टेबल पंकज राठौर एवं अन्य पदाधिकारी तथा ग्राम मंढुआभट्ट के पंच रमेश कंवर  तथा अन्य ग्राम वासी उपस्थित थे।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं