जयपुर, एजेंसियां। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा में राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना (RPP) की 7 नंबर यूनिट सक्रिय हो गई है।
यानी RPP-7 में नियंत्रित नाभिकीय विखंडन अभिक्रिया की शुरुआत हो चुकी है। यह जानकारी भारतीय परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड (NPCIL) ने दी।
ऊर्जा के क्षेत्र में भारत का बड़ा कदम
RPP-7, 700 मेगावाट क्षमता वाले 16 स्वदेशी प्रेशराइज्ड हैवी वाटर रिएक्टरों (PHWR) की श्रृंखला में क्रिटिकल होने वाला तीसरा रिएक्टर है।
इसको राष्ट्रीय परमाणु प्रतिष्ठान द्वारा स्थापित किया गया है। RPP-7 से पहले क्रिटिकल होने वाले पहले दो PHWR – गुजरात के काकरापार परमाणु ऊर्जा स्टेशन की यूनिट 3 और 4 थे, जो क्रमशः 2020 और 2023 में क्रिटिकल हुए। RPP-7 का उत्पादन इस साल शुरू होने की उम्मीद है, इसके बाद RPP-8 का उत्पादन अगले साल शुरू होगा।
परमाणु ऊर्जा निगम वर्तमान में 8,180 मेगावाट की कुल क्षमता वाले 24 रिएक्टरों का संचालन कर रहा है। वहीं 6,800 मेगावाट की कुल क्षमता वाली आठ और यूनिट निर्माणाधीन हैं।
इसे भी पढ़ें
राजस्थान में मिग-29 क्रैश, धमाके के साथ आग लगी: हादसे से पहले सुरक्षित निकल गए पायलट








