एस्ट्रोटर्फ और कुप्रबंधन के कारण बेमौत मर रही है भारतीय हॉकी : असलम शेर खां

3 Min Read

नयी दिल्ली : अपने जमाने के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व ओलंपियन असलम शेर खां ने पिछले कुछ दशकों में ‘भारतीय हॉकी के पतन’ पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसके लिए एस्ट्रोटर्फ (कृत्रिम घास के मैदान) और शीर्ष स्तर पर कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया तथा इस खेल में खोई प्रतिष्ठा हासिल करने के लिए फिर से प्राकृतिक घास के मैदानों में खेलने की अपील की।

असलम ने इस संबंध में भारत को अपना वर्चस्व का इस्तेमाल करके अन्य देशों को प्राकृतिक घास के मैदान पर खेलने के लिए मनाने को कहा। असलम ने भारत को ब्राजील और अर्जेंटीना की तरह रवैया अपनाने को कहा जिन्होंने 1960 के दशक में फुटबॉल को कृत्रिम घास के मैदानों में खेलने के फीफा के प्रयासों को नाकाम कर दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें ब्राज़ील और अर्जेंटीना की तरह आगे बढ़कर नेतृत्व करना चाहिए तथा उपमहाद्वीप, अफ्रीकी और एशियाई देशों के लिए हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट आयोजित करना चाहिए। मुझे विश्वास है कि ऐसा करके हम एक बार फिर सभी विकासशील देशों में इस खेल के प्रति रुचि पैदा करेंगे और हॉकी को फिर दर्शकों का खेल बना देंगे।’’

भारत ने ओलंपिक खेलों में हॉकी में आठ स्वर्ण पदक जीते हैं लेकिन इनमें से आखिरी स्वर्ण पदक उसने 1980 में मास्को ओलंपिक में जीता था। भारतीय टीम ने हालांकि 2021 में तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर पिछले 41 वर्षों से चले आ रहे पदक के सूखे को खत्म किया था। भारत ने इसके बाद इस साल के शुरू में ओडिशा में खेले गए विश्वकप में निराशाजनक प्रदर्शन किया जिसे असलम ने ‘भारत में हॉकी की मौत’ करार दिया।

उन्होंने कहा,‘‘बेहद दुख के साथ मुझे भारत में हॉकी की मौत के घोषणा करनी पड़ रही है। ऐसा इस साल जनवरी में ओडिशा के राउरकेला (और भुवनेश्वर) में खेले गए विश्वकप में हुआ जिसमें ओडिशा सरकार के 1000 करोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद भारत नौवें स्थान पर रहा था।’’ असलम ने कहा,‘‘यह भारत में हॉकी के लिए एक धीमी और दर्दनाक मौत थी, जिसकी शुरुआत मेरे अनुसार 1976 के मॉन्ट्रियल ओलंपिक में एस्ट्रोटर्फ के उपयोग के साथ हुई थी।’’ उन्होंने भारतीय हॉकी के इस पतन का कारण हॉकी इंडिया और राज्य खेल संघों में ‘आपराधिक कुप्रबंधन’ को भी जिम्मेदार ठहराया।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं