Indian advisory after Iran attack:
वॉशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका और इस्राइल ने मिलकर ईरान के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में जोरदार धमाकों की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान में एक साथ करीब 30 ठिकानों को निशाना बनाया गया। हालात को देखते हुए इस्राइल स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की है।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी
तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दूतावास ने कहा है कि
- सभी भारतीय हर समय सतर्क रहें।
- इस्राइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।
- अनावश्यक आवाजाही से बचें।
- स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
तेहरान में बड़े धमाके, मंत्रालय निशाने पर
रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान के बीचोंबीच विस्फोट हुआ और आसमान में धुएं का गुबार देखा गया। दावा किया जा रहा है कि कई मंत्रालयों को निशाना बनाया गया। यहां तक कि ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei के कार्यालय के पास भी धमाके की खबर है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के समय खामेनेई वहां मौजूद थे या नहीं।
इस्राइल ने किया ‘प्री-एम्पटिव अटैक’ का दावा
इस्राइल ने इसे ‘प्री-एम्पटिव अटैक’ यानी पूर्वव्यापी हमला बताया है। इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने देशभर में विशेष और स्थायी आपातकाल की स्थिति घोषित की है। आईडीएफ ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका जताई है। पूरे देश में सायरन बज रहे हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
- स्कूल और हवाई सीमा बंद
- इस्राइल में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
- लोगों को घर से काम करने की सलाह दी गई है।
- इस्राइल और ईरान दोनों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।
- तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट के पास भी धमाकों की आवाज सुनी गई।
एयर इंडिया का बड़ा फैसला
सुरक्षा कारणों से Air India ने दिल्ली से तेल अवीव जा रही फ्लाइट AI139 को बीच रास्ते से वापस बुला लिया। फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया। एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उड़ानों में बदलाव किया जाएगा।
अन्य एयरलाइंस भी अलर्ट
IndiGo ने भी यात्रियों से यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की अपील की है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के मुताबिक, हवाई क्षेत्र बंद होने से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। क्षेत्र में हालात तेजी से बदल रहे हैं। भारतीय नागरिकों को दूतावास के आधिकारिक चैनलों से अपडेट लेते रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।








