पुडुकोट्टई (तमिलनाडु): पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस को आयकर विभाग का नोटिस देश के सभी राजनीतिक दलों और जनता के लिए भी एक चेतावनी है जिससे दलों को नष्ट करने की भाजपा की मंशा का पता चलता है।
आयकर विभाग द्वारा भेजे गए नोटिस में कांग्रेस पर 135 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
चिदंबरम ने यहाँ संवाददाताओं से कहा, “भाजपा सरकार ने कांग्रेस पार्टी पर 135 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि भगवा पार्टी ने चुनावी बांड के माध्यम से 8,250 करोड़ रुपये प्राप्त किए हैं।
यह राजनीतिक दलों और लोगों के लिए एक चेतावनी है कि भाजपा सभी दलों को नष्ट करना चाहती है।”
उन्होंने कहा कि इस कदम से भाजपा को देश में खुद के एकमात्र पार्टी बने रहने की उम्मीद है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इसका (भाजपा का) ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का एजेंडा कुछ और नहीं, बल्कि ‘एक देश, एक पार्टी’ है।
यह चेतावनी सभी के लिए है।’’ उन्होंने कहा कि लोगों को जल्द ही इसका एहसास होगा।
इससे पहले, जिले के अरन्थांगी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि आम चुनाव के बाद अन्नाद्रमुक भाजपा गठबंधन में शामिल हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें
भारत रत्न से सम्मानित करना मोदी सरकार की किसानों, पिछड़ों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है: शाह








