बिहार में गांव हो या शहर हर जगह हो रही निर्बाध बिजली की आपूर्ति : नीतीश कुमार

2 Min Read

पटना :  बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड और अनुषंगी कंपनियों के स्थापना दिवस की 11वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऊर्जा प्रक्षेत्र के अंतर्गत 13934.89 करोड़ रू० की लागत की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण, कार्यारंभ और शिलान्यास किया। इस मौके पर नीतीश ने कहा कि

जब हमें बिहार में काम करने का मौका मिला तो उस समय मात्र 700 मेगावाट बिजली की आपूर्ति होती थी। राजधानी पटना में लगभग 8 घंटे ही बिजली की आपूर्ति हुआ करती थी। हमलोगों ने इस दिशा में तेजी से काम करते हुए लोगों के घर-घर तक बिजली पहुंचा दी। अब बिहार में 7000 मेगावाट से भी ज्यादा बिजली की आपूर्ति हो रही है।

गांव हो या शहर हर जगह बिजली की निर्बाध रूप से आपूर्ति हो रही है। हमलोगों ने वर्ष 2018 के अक्टूबर माह में निर्धारित समय से दो माह पूर्व ही हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा करा दिया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हर जगह प्री-पेड मीटर लगाने का काम चल रहा है इससे लोगों को काफी सुविधा हो रही है।

हर खेत तक सिंचाई उपलब्ध हो, इसके लिए कृषि फीडर से किसानों को काफी कम दर पर बिजली मुहैया कराई जा रही है। इसका फायदा सीधे किसानों को मिल रहा है। बिहार में ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम चल रहा है। इससे अब ग्रामीण क्षेत्रों में रात में भी भरपूर रोशनी सुनिश्चित हो रही है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं