बिहार में I.N.D.I.A गठबंधन का बन गया समीकरण, घोषणा कभी भी

3 Min Read

पटना। I.N.D.I.A गठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा अभी तक नहीं हुआ है। लेकिन, लालू प्रसाद एक-एक कर अपने प्रत्याशियों को हरी झंडी दिखा रहे हैं।

बुधवार को आरजेडी संसदीय बोर्ड की बैठक में लालू प्रसाद को आरजेडी में टिकट बंटवारे और महागठबंधन की पार्टियों से सीट फाइनल करने के लिए अधिकृत किया गया।

अंदरखाने से आ रही जानकारी के अनुसार कई सीटों पर उम्मीदवार फाइनल हो चुके हैं। सिर्फ आधिकारिक घोषणा बाकी है। इस बार सारण से लालू प्रसाद की छोटी बेटी रोहिणी आचार्य का लड़ना तय माना जा रहा है। इस पर सहमति बन चुकी है।

गया से आरजेडी के उम्मीदवार पूर्व कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत होंगे। वहीं, एनडीए की ओर से जीतन राम मांझी के उम्मीदवार होने की पूरी संभावना है। मांझी, मुसहर जाति से आते हैं। जबकि कुमार सर्वजीत पासवान जाति से हैं।

सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद सर्वजीत को कृषि मंत्री बनाया गया था। वहीं एनडीए खेमे से गया सीट से संभावित उम्मीदवार जीतन राम मांझी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं और मुखर नेता हैं। उनके बेटे बिहार सरकार में मंत्री हैं। सर्वजीत अभी बोधगया से विधायक हैं।

वहीं, बक्सर से सुधाकर सिंह आरजेडी के उम्मीदवार होंगे। वे अपनी तैयारी में जुट भी गए हैं। कृषि मंत्री के रूप में उन्होंने नीतीश कुमार की कृषि नीति पर सवाल उठाए थे। कैबिनेट की बैठक में नीतीश कुमार से बहस भी हुई थी।

नीतीश कुमार की आलोचना की वजह से उन्हें नीतीश-तेजस्वी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। तब वे कृषि विभाग के मंत्री थे। राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता राकेश टिकैत से उनकी नजदीकी जग जाहिर है।

नीतीश सरकार की अफसरशाही को भी उन्होंने कई बार कटघरे में खड़ा किया था। पिछली बार बक्सर से अश्विनी चौबे और जगदानंद सिंह की चुनावी भिड़ंत हुई थी। जगदानंद सिंह चुनाव हार गए थे। अब उनके बेटे सुधाकर सिंह मैदान में होंगे। अश्विनी चौबे को एनडीए से टिकट मिलता है या नहीं। इस पर संशय बरकरार है।

बिहार की इन सीटों पर I.N.D.I.A गठबंधन की ओर से इनकी उम्मीदवारी तय मानी जा रही है ये हैः

  • नवादा से श्रवण कुशवाहा
  • सारण से रोहिणी आचार्य
  • महाराजगंज से रणधीर सिंह
  • शिवहर से रमा देवी
  • पूर्णिया से पप्पू यादव
  • मधेपुरा से शांतनु यादव
  • किशनगंज से मो. जावेद
  • बेगूसराय से अवधेश राय
  • मुंगेर से अनिता देवी
  • मधुबनी से अली अशरफ फातमी
  • अररिया से सरफराज
  • कटिहार से मुकेश सहनी और
  • सीतामढ़ी से दिलीप राय

इसे भी पढ़ें

तमिलनाडू में AIADMK और DMDK के बीच समझौता

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं