कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में थे। यहां उन्होंने संदेशखाली को लेकर ममता सरकार को घेरा।
कहा कि अगर समाज सुधारक राजा राम मोहन राय को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली की महिलाओं के खिलाफ कथित यौन उत्पीड़न के बारे में बताया गया, तो उनकी आत्मा रो रही होगी।
हुगली जिले के आरामबाग इलाके में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश देख रहा है कि संदेशखाली की बहनों के साथ टीएमसी ने क्या किया? पूरा देश गुस्से में है।
संदेशखाली में जो हुआ उस पर राजा राम मोहन राय की आत्मा रो रही होगी। एक टीएमसी नेता ने सभी हदें पार कर दीं।
राज्य में बीजेपी नेताओं ने यहां महिलाओं के सम्मान और गरिमा के लिए लड़ाई लड़ी। कल पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा।
पीएम मोदी ने संदेशखाली मामले में प्रतिक्रिया की कमी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की।
उन्होंने दावा किया कि यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपों का सामना कर रहे तृणमूल सांसद शेख शाहजहां को सिर्फ अधिकारियों पर बीजेपी के दबाव के कारण गिरफ्तार किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लिए भ्रष्टाचारियों, परिवारवादियों और तुष्टिकरण करने वालों का साथ देना…यही एक काम बचा है, यही उनके लिए सबसे बड़ा काम है।
TMC ने बंगाल में अपराध और भ्रष्टाचार का एक नया मॉडल पैदा कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरी गारंटी है। मैं बंगाल के लोगों से वादा करता हूं कि लूटने वालों को लौटाना ही पड़ेगा।
ये मोदी छोड़ने वाला नहीं है। मोदी इनकी गालियों और हमले से डरने वाला नहीं है, झुकने वाला नहीं है। जिसने गरीब को लूटा है, उसको लौटाना ही पड़ेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल आजादी के आंदोलन की प्रेरणा स्थली रही है। गुलामी के विरुद्ध प्रखर नेतृत्व देने वाली यहां की हर संतान का सपना था कि भारत विकास की नई ऊंचाई प्राप्त करे।
आज जब मैं बंगाल आया हूं, तो कह सकता हूं कि आज का भारत उनका ये सपना पूरा कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि बीते 10 साल में भारत 11वें नंबर की इकोनॉमी से ऊपर उठकर 5वें नंबर की आर्थिक ताकत बना है।
जी-20 में कैसे भारत की जय-जयकार हुई…ये हम सबने देखा है। आज भारत स्पेस सेक्टर में अग्रणी बन रहा है।
जो काम दुनिया का कोई देश नहीं कर पाया, वो हमारे चंद्रयान ने किया। आज स्पोर्ट्स के सेक्टर में भी भारत नए रिकॉर्ड बना रहा है।
हम सभी का सौभाग्य है कि 5 सदियों के इंतजार के बाद, 500 साल के बाद प्रभु श्रीराम अपने भव्य मंदिर में विराजे हैं।
इसे भी पढ़ें








