आईएमडी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए जारी किया ‘रेड अलर्ट’

2 Min Read

नई दिल्ली,एजेंसियां:  देश के कुछ राज्यों में लू का कहर जारी है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

वहीं, बिहार और झारखंड के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ केरल के उत्तरी हिस्सों के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

लोगों से इस भीषण गर्मी में दोपहर के समय घरों से नहीं निकलने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा गर्मी के कारण पश्चिम बंगाल और ओडिशा में दिन के समय अधिकतम तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।

इसके साथ ही हीटवेव की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने कहा, “ओडिशा में भी गंभीर गर्मी की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि पश्चिम बंगाल की तुलना में थोड़ी सी राहत है। इसके बावजूद रेड अलर्ट जारी किया गया है।”

बंगाल के बर्धमान जिले के पानागढ़ में शनिवार को उच्चतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, कोलकाता में दिन के समय अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मेदिनीपुर (43.5), बांकुरा (43.2), बैरकपुर (43.2), बर्धमान (43), आसनसोल (42.5), पुरुलिया (42.7) और श्रीनिकेतन (42) का भी यही हाल रहा।

ओडिशा के औद्योगिक शहर अंगुल में तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर में तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस सीजन में पहली बार तापमान 44 डिग्री के स्तर को पार कर गया। बारीपदा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बौध, ढेंकनाल और भवानीपटना जैसे शहरों में शनिवार को अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम कार्यालय ने अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेंटीग्रेड की वृद्धि का अनुमान लगाया है और उसके बाद अगले दो दिनों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

इसे भी पढ़ें

मुंबई इंडियंस पर मंडराया IPL 2024 से बाहर होने का खतरा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं