नयी दिल्ली, एजेंसियां : आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज ने शेयर ब्रोकर नियमों के कथित उल्लंघन से संबंधित एक मामले को सुलझाने के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी के साथ समझौता कर लिया है।
आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज ने मामले को निपटाने के लिए बाजार नियामक को 13 लाख रुपये का भुगतान किया।
कोष प्रबंधक ने कानून के तहत ”तथ्यों और निष्कर्षों को स्वीकार या अस्वीकार किए बिना” उसके खिलाफ शुरू की गई कार्यवाही को बंद करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे सेबी ने स्वीकार कर लिया।सेबी ने प्रतिभूति बाजार में काजल इलेश सावला की कारोबारी गतिविधियों की जनवरी 2019 से जुलाई 2022 तक जांच की।
काजल आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज के तत्कालीन मुख्य डीलर गौरव गिरीश की बहन हैं। सेबी ने जांच में पाया कि वह भेदिया कारोबार (फ्रंट-रनिंग) में शामिल थीं।
आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज पर यह आरोप था कि वह अपने ग्राहकों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी के दुरुपयोग को रोकने में विफल रही।
इसे भी पढ़ें
बंगाल में आयोग को सुनिश्चित करना चाहिए कि लोग अपने दम पर वोट डाल सकें: माकपा








