ममता के सुझाव को केजरीवाल का समर्थन
नई दिल्ली। I.N.D.I.A नेताओं की चौथी बैठक मंगलवार को दिल्ली के अशोका होटल में हुई। इसमें पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पीएम चेहरे के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का प्रस्ताव रखा। अरविंद केजरीवाल ने इसका समर्थन किया। यह जानकारी बैठक के बाद MDMK के सांसद वाइको ने दी। हालांकि, पीएम फेस के सवाल पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चुप्पी साध ली।
बैठक में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा नेता अखिलेश यादव, दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश, फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और RLD से जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। इस बैठक में आगामी आम चुनावों के मद्देनजर रणनीति और चेहरे को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में 28 दलों की मौजूदगी
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि चौथी मीटिंग में 28 पार्टियों ने हिस्सा लिया। नेताओं ने अपने विचार गठबंधन के सामने रखे। लोगों के हित में सब मिलकर किस ढंग से अपने को काम करना है या जो भी शुरू से मुद्दे को उठाना है। बीजेपी सरकार में देश की संसद से सांसदों को निलंबित किया जा रहा है। यह अलोकतांत्रिक है। इसके लिए सबको मिलकर लड़ना होगा जिसके लिए हम तैयार हैं।
देश में 8-10 जनसभाएं होंगी
मल्लिकार्जुन ने कहा कि देशभर में 8 से 10 जनसभाएं होंगी। उन्होंने कहा कि इस बैठक में सांसदों के निलंबन पर भी चर्चा हुई। हालांकि विपक्षी दलों के इस महाजुटान से पहले JDU के भीतर से ही नीतीश कुमार को पीएम बनाने को लेकर एक फिर सुगबुगाहट छोड़ दी गई थी। बैठक से ठीक पहले ममता ने भी सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस को अपने तेवर दिखाए हैं।







