Tips to pick sweet watermelon:
नई दिल्ली, एजेंसियां। गर्मी का मौसम आते ही बाजार में तरबूज की भरमार हो जाती है। ठंडक और पानी से भरपूर यह फल गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। हालांकि कई बार बाहर से देखने में अच्छा लगने वाला तरबूज अंदर से फीका या सफेद निकल आता है। ऐसे में अगर आप मीठा और लाल तरबूज खरीदना चाहते हैं तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सही तरीके से चुना गया तरबूज स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पूरी तरह पका हुआ भी होता है।
डंठल देखकर पहचानें पका तरबूज
तरबूज खरीदते समय सबसे पहले उसके डंठल पर ध्यान दें। अगर डंठल के आसपास की जगह हल्की पीली या सूखी दिखाई देती है, तो इसका मतलब है कि तरबूज पूरी तरह पकने के बाद ही तोड़ा गया है। ऐसे तरबूज आमतौर पर ज्यादा मीठे और अंदर से गहरे लाल होते हैं।
रंग से लगाएं मिठास का अंदाजा
तरबूज का रंग भी उसकी गुणवत्ता के बारे में संकेत देता है। पूरी तरह पके हुए तरबूज पर हरे रंग के साथ हल्का पीला पैच दिखाई देता है। यह पीला निशान बताता है कि फल जमीन पर पका है। ऐसे तरबूज अक्सर ज्यादा मीठे होते हैं, जबकि पूरी तरह गहरे हरे रंग का तरबूज कभी-कभी कच्चा या कम मीठा हो सकता है।
थपथपाकर करें जांच
तरबूज खरीदते समय दुकानदार अक्सर उसे थपथपाकर देखते हैं। आप भी इस तरीके का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर तरबूज को थपथपाने पर हल्की खोखली या गूंज जैसी आवाज आती है तो समझ लें कि फल ताजा, रसदार और मीठा है।
खुशबू से भी मिल सकता है संकेत
तरबूज को हल्का सूंघकर भी उसकी ताजगी का अंदाजा लगाया जा सकता है। मीठे और पके हुए तरबूज से हल्की ताजी खुशबू आती है। इसके अलावा हल्की पीली धारियों वाला तरबूज चुनना बेहतर माना जाता है।








