होमगार्ड जवान का अपहरण कर कराया पकड़ौआ विवाह [Home guard jawan kidnapped and forced to marry]

3 Min Read

4 घंटे में जवान को छुड़ाया गया

भागलपुर, एजेंसियां। बिहार में पकड़ौआ विवाह का एक और मामला सामने आया है। भागलपुर जिले में एक होमगार्ड जवान को अगवा कर जबरन शादी कर दी गयी है।

सोमवार सुबह नवादा के पास से होमगार्ड जवान का अपहरण कर लिया गया। अपहृत होमगार्ड जवान का नाम सुमित कुमार है।

अपहृत जवान के भाई वीरेंद्र कुमार के बयान पर नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी।

नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह के अनुसार होमगार्ड जवान का पकड़ौआ विवाह के लिए अपहरण हुआ था, उसे कदवा रोड से 4 घंटे के अंदर बरामद कर लिया गया है।

नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर तीन को नामजद व अज्ञात को आरोपित बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है

मामा के घर से लौट रहा था सुमित

बताया जा रहा है कि सुमित कुमार चचेरे भाई प्रभाष कुमार के साथ बाइक से अपने मामा गौतम यादव के घर जगतपुर गया था।

वह मामा के पास बकाया एक लाख रुपये लेने गया था। मामा ने एक लाख रूपये, दो मुर्गा और एक केला का खानी घर ले जाने के लिए दिया था।

वह चचेरे भाई के साथ मामा घर से वापस लौट रहा था। रास्ते में नवादा में मुर्गा बनाने के लिए मसाला खरीदने लगा।

इस दौरान धोबिनिया के गोपाल यादव ने सुमित कुमार का स्कॉर्पियों से अपहरण कर लिया। गोपाल यादव ने उसका अपहरण अपनी पुत्री के साथ पकड़ौआ विवाह के लिए किया था।

सुमित यादव व उसके चचेरे भाई के साथ इस दौरान मारपीट भी की गई।

मंदिर में करा दी गयी जबरन शादी

फिर पूर्णिया जिला के किसी मंदिर में जबरन उसकी शादी करवा दी गई। सुमित के परिजनों ने घटना की जानकारी नवगछिया थाना को दी।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर धोबिनिया के रोहित कुमार यादव, भीली कुमार, अश्विनी कुमार सहित चार अज्ञात को आरोपित बनाया है।

पुलिस अनुसंधान में सुमित कुमार को कदवा स्थित रोड से बरामद कर लिया गया। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं।

सुमित ने होमगार्ड जवान का प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। उसे नवगछिया थाना में सोमवार को योगदान देना था।

इसे भी पढ़ें 

बिहार में फिर हुआ पकड़ौआ विवाह, हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं थम रही कुरीति

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं