Hijab controversy: नीतीश कुमार पर भड़कीं सपा सांसद इकरा हसन, ट्वीट कर बताया महिला गरिमा पर हमला

2 Min Read

Hijab controversy

पटना, एजेंसियां। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने मुख्यमंत्री के व्यवहार को शर्मनाक बताते हुए कड़ी आलोचना की है।

इकरा हसन ने ट्वीट कर लिखा

सपा सांसद इकरा हसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर लिखा, “शर्मनाक! एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचना उसकी गरिमा और धार्मिक पहचान पर सीधा हमला है। जब राज्य का मुख्यमंत्री ऐसा करे, तो महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है।” उनके इस बयान के बाद मामला और गरमा गया है।

दरअसल, पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1283 नवनियुक्त आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। इसी दौरान महिला डॉक्टर नुसरत को नियुक्ति पत्र देने के बाद उन्होंने हिजाब की ओर इशारा करते हुए उसे नीचे करने की कोशिश की। वीडियो में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उन्हें ऐसा करने से रोकते दिख रहे हैं, जबकि मंच पर मौजूद कुछ मंत्री और अधिकारी हंसते नजर आ रहे हैं। इसी दृश्य को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

राष्ट्रीय जनता दल की प्रतिक्रिया

इस घटना पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। आरजेडी ने सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीतीश कुमार का यह व्यवहार बेहद चिंताजनक है। पार्टी ने इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।

हिजाब को लेकर सामने आए इस वीडियो के बाद विपक्षी दल नीतीश कुमार से जवाब और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, यह मामला अब महिला सम्मान, धार्मिक पहचान और मुख्यमंत्री के आचरण को लेकर बड़े राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है।

Share This Article