सुलतानपुर (उप्र), एजेंसियां : केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सुलतानपुर की एमपी/एमएलए (सांसद/विधायक) अदालत में सुनवायी शुक्रवार को वकीलों की हड़ताल के कारण स्थगित कर दी गयी। इस मामले में सुनवाई अब दो अप्रैल को होगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी पर शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध यहां एमपी/एमएलए अदालत में शिकायत दर्ज करायी थी।
वादी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि राहुल गांधी से संबंधित मामले में आज सुनवायी होनी थी, लेकिन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर वकीलों की हड़ताल के मद्देनजर सुनवायी नहीं हुई। अदालत इस मामले पर अब दो अप्रैल को सुनवायी करेगी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक राहुल गांधी ने मई 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान बेंगलुरु में एक संवाददाता सम्मेलन में शाह के खिलाफ कथित रूप से मानहानिकारक टिप्पणी की थी।
अदालत ने इस मामले में पिछले साल दिसम्बर में राहुल गांधी के खिलाफ वारंट भी जारी किया था।
इसके बाद राहुल गांधी ने गत 20 फरवरी को अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा को अमेठी में रोक दिया था और अदालत में पेश हुए थे, जहां से उन्हें जमानत मिल गई थी।
इसे भी पढ़ें
लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेतृत्व करने वाला राजा नहीं हो सकता है : सुदेश महतो








