विफलताएं छिपाने को सरकार उठा रही भावनात्मक मुद्दे, चुनाव के लिए तैयार हो जाएं कार्यकर्ता : खरगे

3 Min Read

नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर पिछले 10 साल की अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दे उठाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए राहुल गांधी की सराहना की और विश्वास जताया कि मणिपुर से महाराष्ट्र तक उनकी ‘भारत न्याय यात्रा’ सामाजिक न्याय के मुद्दों को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में लाएगी। खरगे ने देश भर के पार्टी नेताओं की एक बैठक में कहा, ‘‘भाजपा पिछले 10 साल में अपनी सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दों को आगे बढ़ा रही है। वे जानबूझकर हर मुद्दे में कांग्रेस को शामिल करते हैं।’’

खरगे ने नेताओं से अपने मतभेद भुलाने, आंतरिक मुद्दों को मीडिया में नहीं उठाने और एक टीम की तरह काम करने की अपील करते हुए कहा, ‘‘हमें एकजुट होकर लोगों के सामने जमीनी मुद्दों पर भाजपा के झूठ, फरेब और गलत बातों का मुंहतोड़ जवाब देना है।’’ पच्चीस साल तक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उस दौरान हर राज्य में लगातार पूरे मन से काम हुआ और 2004 में उन्हीं के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को हराया और केंद्र में पूरे 10 साल लगातार सरकार रही।

उन्होंने कहा, ‘‘तब हर गांव और शहर का हमारा कायकर्ता उठ खड़ा हुआ था। आज समय आ गया है कि उसी लगन, मेहनत और समर्पण भाव से हमें काम करते हुए पार्टी को आगे ले जाना होगा।’’ यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा के सभी हमले कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर हो रहे हैं, उन्होंने कहा, ‘‘राजग केवल नाम का रह गया है जबकि इंडिया गठबंधन में प्रमुख जमीनी दल हैं जिनके पास एक मजबूत कैडर, आधार और विचारधारा है।’’ मोदी सरकार पर आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस के योगदान को लगातार नजरअंदाज करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमें उन्हें ठोस जवाब देना होगा।’’

इसे भी पढ़ें

सीएम से मिलेंगे कांग्रेसी विधायक, रखेंगे अपनी बात

सुप्रीम कोर्ट ने अडाणी-हिंडनबर्ग केस में SIT जांच से किया इनकार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं