तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी करुणा सागर ने थामा राजद का दामन

IDTV Indradhanush
3 Min Read

पटना : तमिलनाडु के पूर्व डीजीपी करुणा सागर ने रविवार को राजद की सदस्यता ग्रहण कर ली। उप उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की उपस्थिति में उन्हे राजद की सदस्यता दिलाई गई। करुणासागर अब सियासत के मैदान में अपनी पारी खेलने जा रहे हैं। राजनीति के मैदान में एंट्री के लिए उन्होंने राजद का साथ चुना है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के पहले राजद में एक पूर्व आईपीएस के शामिल होने को बड़ी रणनीतिक बढ़त के तौर पर देखा जा रहा है। तेजस्वी यादव सहित राजद के कई बड़े नेताओं ने गर्मजोशी के साथ करुणासागर का स्वागत किया। तेजस्वी ने उनके राजद में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि करूणा सागर के राजद की सदस्यता ग्रहण करने से पार्टी मजबूत होगा। करुणा सागर ने देश की सेवा की है। ऐसे लोग पार्टी में आए, ये बड़ी अच्छी बात है। इन्होंने लालू का हाथ मजबूत करने का काम किया है। आज गरीबों की चिंता कोई नहीं कर रहा है। आज के दौर में अघोषित इमरजेंसी है। इस दौर में करूणा सागर ने राजद की सदस्यता ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि राजद ए टू जेड की पार्टी है। राजद जात कि नहीं जमात की पार्टी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि 2022 तक गरीबी मिटाएंगे, किसानों की आमदनी दुगनी कर देंगे जैसे वादे केन्द्र सरकार पूरा नहीं कर पाई। ऐसे में आज हम सबको एकजुट होकर देश को बचाने की जरुरत  है। देश की संपत्ति को बेचा जा रहा है। इस दौर में करूणा राजद में आए हैं, ये मामूली बात नहीं है।

वहीं करुणासागर ने कहा कि वे पार्टी को सशक्त करने के लिए काम करेंगे। बिहार के हित में उन्होंने राजद का दामन थामा है। करुणासागर के सदस्यता ग्रहण समारोह को भव्य बनाने के लिए राजद ने बड़ी तैयारी की थी। उनके मिलन समारोह के बहाने पार्टी राज्य में अपने लिए एक सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश में लगी है। माना जा रहा है कि करुणासागर को अगले लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाकर उतारा जा सकता है। हालांकि वे किस सीट से चुनाव लड़ेंगे इसे लेकर राजद नेताओं ने अभी तक चुप्पी साध रखी है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं