धरहरा रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में लगी आग, हादसे से बची ट्रेन [Fire broke out in the engine of Intercity Express at Dharhara railway station, train saved from accident]

2 Min Read

धरहरा,एजेंसियां। बिहार के जमालपुर-किऊल रेलखंड के धरहरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में आग लगने के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि, ट्रेन चालक की सूझबूझ के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

घटना के मुताबिक, 13402 डाउन भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन के नीचे किसी पार्ट में अचानक आग लग गई।

जैसे ही यात्रियों को आग की जानकारी मिली, वे डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। वहीं, ट्रेन के रुकते ही ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों ने भी बाहर की ओर दौड़ना शुरू किया।

रेलवे स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, और आग पर काबू पाया। ट्रेन के पायलट ने सूझबूझ से ट्रेन को धरहरा स्टेशन पर रोक दिया, जिससे हादसा टल गया।

इस दौरान इंजन में आग लगने की वजह से इंजन बंद हो गया था। ट्रेन के पायलट ने तुरंत दूसरे इंजन की मांग की, लेकिन इंजन उपलब्ध नहीं हो सका। इसके बाद लगभग एक घंटे की कोशिश के बाद ट्रेन के पायलट ने इंजन को चालू किया और ट्रेन को फिर से भागलपुर के लिए रवाना किया।

इस घटना में किसी भी यात्री या कर्मचारी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। स्टेशन प्रबंधक ललित कुमार ने बताया कि ट्रेन धरहरा रेलवे स्टेशन पर रात 8:38 बजे पहुंची, और इंजन में गड़बड़ी के कारण ट्रेन को 9:45 बजे जमालपुर के लिए रवाना किया गया।

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं, और आग लगने के कारणों की छानबीन की जा रही है।

इसे भी पढ़ें

दिल्ली से बिहार जा रही ट्रेन में लगी आग

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं