EOU raid:
पटना, एजेंसिया। बिहार में भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य खाद्य निगम में पदस्थापित लेखपाल राजेश कुमार के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। राजेश कुमार वर्तमान में मोतिहारी में पदस्थापित हैं और उनके खिलाफ आय से 201.94% अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है।
EOU raid: छह ठिकानों पर एक साथ छापाः
EOU ने पटना, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर में स्थित राजेश कुमार के कुल छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इन स्थानों में उनके आवास, पैतृक घर, रिश्तेदारों के घर और अन्य संदिग्ध संपत्तियां शामिल हैं। कोर्ट से सर्च वारंट लेने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई।
EOU raid: बरामद हुए कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसः
छापेमारी के दौरान EOU को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और संदिग्ध लेन-देन से जुड़े कागजात मिले हैं। प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि राजेश कुमार ने नकद लेन-देन, अचल संपत्तियों में निवेश और फर्जी खातों के माध्यम से काले धन को सफेद करने की कोशिश की है।
EOU raid: रिश्तेदारों के नाम पर भी संपत्तिः
EOU अधिकारियों का कहना है कि छानबीन में यह भी सामने आया है कि राजेश कुमार ने अपने करीबी रिश्तेदारों के नाम पर भी संपत्ति बना रखी है, जिसकी जांच जारी है। फिलहाल तलाशी अभियान चल रहा है और जब्त संपत्तियों एवं दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।
EOU raid: आगे होगी बड़ी कार्रवाईः
EOU का कहना है कि तलाशी पूरी होने के बाद संपत्ति का सटीक मूल्यांकन किया जाएगा। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो राजेश कुमार के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) सहित अन्य भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें

















