Gangster Indrajeet Yadav property seized:
चंडीगढ़, एजेंसियां। हरियाणा के गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर इंद्रजीत सिंह यादव के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90.04 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। Enforcement Directorate के गुरुग्राम जोनल कार्यालय ने 26 फरवरी 2026 को अस्थायी कुर्की का आदेश जारी किया। अटैच की गई संपत्तियों में प्लॉट, जमीन, रिहायशी और व्यावसायिक प्रॉपर्टी शामिल हैं, जो इंद्रजीत यादव और उनकी पत्नी रीना कुमारी के नाम बताई जा रही हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी फिलहाल भारत से फरार है और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है। इंद्रजीत यादव पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, रंगदारी, जबरन वसूली, धोखाधड़ी, अवैध कब्जा और आर्म्स एक्ट समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
110 करोड़ से ज्यादा की अवैध कमाई का खुलासा
ईडी की जांच में अब तक 110 करोड़ रुपये से अधिक की “प्रोसीड्स ऑफ क्राइम” का खुलासा हुआ है। एजेंसी का दावा है कि आरोपी ने निजी फाइनेंसरों और कॉरपोरेट कंपनियों के बीच चल रहे वित्तीय विवादों में कथित तौर पर “एनफोर्सर” की भूमिका निभाई। धमकी, डर और हथियारबंद गिरोहों के जरिए करोड़ों रुपये की जबरन वसूली कराई जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि अवैध कमाई का इस्तेमाल आलीशान संपत्तियां खरीदने, लग्जरी गाड़ियां रखने और शाही जीवनशैली पर खर्च करने में किया गया। वहीं आयकर रिटर्न में न्यूनतम आय दर्शाई गई थी, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह को बल मिला।
पहले भी हो चुकी है बड़ी जब्ती
इससे पहले ईडी ने छापेमारी के दौरान 6.41 करोड़ रुपये नकद, करीब 17.04 करोड़ रुपये की ज्वेलरी, पांच लग्जरी गाड़ियां और 35 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए थे। यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, जिसमें इंद्रजीत यादव के अलावा उनके सहयोगी और Apollo Green Energy Limited नामक कंपनी समेत अन्य फर्मों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ईडी की यह कार्रवाई हरियाणा में संगठित अपराध और अवैध आर्थिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। एजेंसी का कहना है कि आगे की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर और संपत्तियां अटैच की जा सकती हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आरोपी की प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर भी विचार किया जा सकता है।







